हल्दौर के पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय नवादा में शिक्षकों की बडी लापरवाही सामने आई है। कक्षा 5 का एक बच्चा सोता रहा और शिक्षक कमरे का ताला लगाकर चले गए। निरीक्षण को पहुंचे अधिकारियों की गाडी की आवाज सुनकर बच्चा चिल्लाया तो, उसे कमरे से बाहर निकाला गया। दरअसल बिजनौर के हल्दौर क्षेत्र में शिक्षकों की लापरवाही का एक मामला सामने आया है, जानकारी के अनुसार परिषदीय विद्यालयों का संचालन सुबह 9ः00 बजे से 3ः00 बजे तक किया जा रहा है, करीब 3ः00 बजे बीडीओ हल्दौर स्कूल परिसर में स्थित आंगनबाडी केंद्र का निरीक्षण करने पहुंचे, तभी उन्हें कमरे से बच्चों के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी, उन्होंने ग्राम प्रधान और शिक्षक से संपर्क किया, शिक्षक को तुरंत विद्यालय पहुंचने को कहा गया, ग्रामीणों ने बताया कि शिक्षक करीब 4ः00 बजे विद्यालय पहुंचे, तब कमरा खोलकर बच्चे को बाहर निकाला गया। बच्चे ने अपना नाम वंश पुत्र विपिन बताया, इस दौरान उसके परिजन और अन्य ग्रामीण भी स्कूल पहुंच गए, कमरे से निकलने के बाद बच्चा गुमशुम था और वह अपनी मां को देखकर उससे लिपट गया। इस मामले पर बीएसए सचिन कसाना ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच एबीएसए को सौंपी गई है, जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित शिक्षकों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ब्यूरो रिपोर्ट।