बिजनौर में किसान मजदूर संगठन के बैनर तले सैकड़ों किसानों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री के नाम प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा और जल्द समाधान की मांग की। ज्ञापन में किसानों ने मालन नदी पर पुल निर्माण की मांग प्रमुखता से उठाई। यह पुल उत्तर शुगर मिल बरकातपुर से ग्राम सबलपुर बीतरा होते हुए रेलवे स्टेशन मौजमपुर नारायण जाने वाले मार्ग पर प्रस्तावित है। इसके अलावा नजीबाबाद तहसील क्षेत्र के सबलपुर बीतरा से बरकातपुर और असगरपुर से शादीपुर तक खराब सड़कों के पुनर्निर्माण की मांग की गई। किसानों ने असगरपुर-किरतपुर मार्ग पर पुल निर्माण, महावतपुर दलपत से लाइक और शाहपुर उसराव मार्ग की मरम्मत की मांग भी रखी। साथ ही निजी जरूरतों के लिए मिट्टी उठाने पर पुलिस और अन्य विभागों द्वारा कथित अवैध वसूली बंद करने की मांग की गई।

ज्ञापन में ग्राम गजरौला अचपल स्थित तालाब और सरकारी भूमि पर हुए अवैध कब्जों को हटाने, एनएचएआई द्वारा किसानों की जमीन पर लगाए गए अवरोधों का समाधान करने और गुलदारों के आतंक से ग्रामीणों को सुरक्षा देने की मांग भी शामिल रही। किसानों ने ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने में हो रही अवैध वसूली रोकने, तहसीलों में अंश और नाम संबंधी समस्याओं का निस्तारण कराने तथा चकबंदी विभाग में कथित अनियमितताओं पर रोक लगाने की मांग उठाई। इसके अलावा गन्ना सहकारी समिति और कोऑपरेटिव समितियों से लिए गए ऋण पर 7 प्रतिशत ब्याज में सरकार द्वारा वापस किए जाने वाले 4 प्रतिशत की राशि अब तक किसानों के खातों में नहीं पहुंचने का मुद्दा भी उठाया गया। किसानों ने जल्द भुगतान की मांग करते हुए प्रशासन से सभी समस्याओं के समाधान की अपील की।
बिजनौर से नीरज कुमार की रिपोर्ट।