सम्भल में प्रशासनिक सक्रियता तेज हो गई है। नवनियुक्त जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई के साथ शहर में फ्लैग मार्च कर कानून-व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण किया और बाजारों में भ्रमण कर व्यवस्थाओं को परखा। डीएम अंकित खंडेलवाल ने बताया कि यह दौरा सामान्य प्रक्रिया के तहत किया गया है, खासतौर पर इसलिए क्योंकि पुलिस अधीक्षक ने हाल ही में कार्यभार संभाला है। उन्होंने कहा कि जिले में स्थिति पूरी तरह सामान्य है और कहीं भी किसी प्रकार की असामान्य गतिविधि देखने को नहीं मिली।

निरीक्षण के दौरान शहर में चल रहे विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि कई स्थानों पर सड़क निर्माण कार्य जारी है, जबकि ड्रेनेज व्यवस्था को बेहतर बनाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के संरक्षण और प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जल्द ही ठोस कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

आगामी जुमे की नमाज को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। डीएम ने भरोसा जताया कि जैसे हर बार नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होती आई है, इस बार भी सभी समुदायों के सहयोग से माहौल शांतिपूर्ण बना रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ विकास कार्यों को भी प्राथमिकता दे रहा है, ताकि जिले में शांति और प्रगति दोनों कायम रह सकें।

सम्भल से विनीत शर्मा की रिपोर्ट।