संभल के धनारी थाना परिसर में एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक युवक ने पेट्रोल डालकर खुद को आग लगा ली। युवक की पहचान मोरध्वज के रूप में हुई है, जो इस घटना में करीब 25 से 30 प्रतिशत तक झुलस गया। पुलिसकर्मियों ने तुरंत कंबल और गमछे की मदद से आग बुझाई और उसे अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के अनुसार, बुधवार को गुन्नौर तहसील के बगडेर गांव में मुंडन संस्कार के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया था, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को अस्पताल भेजा और मामले में लखपत सिंह व भारत सिंह को हिरासत में ले लिया था। गुरुवार शाम थाने में दोनों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की जा रही थी, इसी दौरान मोरध्वज थाने पहुंचा और अपने भाई को निर्दाेष बताते हुए रिहाई की मांग करने लगा। बताया गया कि काफी देर तक बहस के बाद अचानक उसने अपने साथ लाया पेट्रोल शरीर पर डालकर आग लगा ली।

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक को खुद पर पेट्रोल डालते और आग लगाते देखा जा सकता है। आग लगते ही थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई और पुलिसकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया। घायल युवक को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहजोई ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में संभल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना पर सीओ बहजोई स्तुति सिंह थाने पहुंचीं और एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने अस्पताल जाकर स्थिति का जायजा लिया। एसपी ने बताया कि युवक को आशंका थी कि उसके भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो सकता है, इसी डर में उसने यह कदम उठाया। मामले की जांच जारी है।
ब्यूरो रिपोर्ट।