अफजलगढ़। राष्ट्रीय राजमार्ग-74 पर गांव ऊधोवाला के पास एक खेत में घायल अवस्था में बैठे गुलदार को पकड़ने के दौरान वन विभाग की टीम पर हमला हो गया। हमले में एक वन रक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। करीब चार घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद वन विभाग ने गुलदार को सुरक्षित पकड़कर उपचार के लिए अमानगढ़ रेंज भेज दिया। जानकारी के अनुसार गांव ऊधोवाला स्थित उड़ान होटल के निकट किसान अशोक कुमार के खेत में एक गुलदार घायल अवस्था में बैठा मिला। उसके दोनों पैर जख्मी थे और वह चलने-फिरने में असमर्थ था। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि वह किसी सड़क दुर्घटना में घायल हुआ है। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

रेस्क्यू के दौरान जब वन रक्षक मुजीबुर्रहमान और विवेक कुमार ने जाल डालने का प्रयास किया तो घायल गुलदार अचानक आक्रामक हो गया। इस दौरान पिंजरे के ऊपर बैठे वन रक्षक मुजीबुर्रहमान नीचे गिर पड़े, जिस पर गुलदार ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया। साथी वन रक्षक विवेक कुमार ने साहस दिखाते हुए उन्हें गुलदार के चंगुल से सुरक्षित बाहर निकाला। घायल वन रक्षक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अफजलगढ़ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल बिजनौर रेफर कर दिया गया। घटना के बाद वन विभाग की टीम ने दोबारा अभियान शुरू किया और लगभग चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गुलदार को जाल और पिंजरे की मदद से सुरक्षित पकड़ लिया। वन दरोगा सुनील कुमार राजौरा ने बताया कि गुलदार संभवतः किसी सड़क दुर्घटना में घायल हुआ था। उसे उपचार के लिए अमानगढ़ रेंज भेजा गया है, जहां वन्य चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज किया जाएगा।
ब्यूरो रिपोर्ट।