बिजनौर में शारदीय नवरात्र शुरू हो गये हैं, सुबह से ही शहर के प्राचीन माँ काली मंदिर और चामुंडा धाम सहित विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड उमडी हुई है। श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर माता के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा अर्चना की, मंदिर कमेटी ने भक्तों की सुविधा के लिए पहले से ही व्यापक व्यवस्था की हैं। जिले में सभी मंदिरों को आकर्षक तरीके से सजाया गया है, नवरात्रि की तैयारियां कई दिन पहले से चल रही थीं। रविवार को शहर के बाजारों में खासी रौनक देखी गई, श्रद्धालुओं ने माता रानी की प्रतिमा, नारियल, चुनरी सहित पूजन सामग्री खरीदी। कलश, पान, धूप, बत्ती, अगरबत्ती, लौंग, सुपारी और कपूर जैसी पूजन वस्तुएं भी खरीदी गईं। नवरात्र व्रत के दौरान अन्न का त्याग करने वाले श्रद्धालुओं के लिए फलों और व्रत की विशेष सामग्री की दुकानें भी सज गई हैं, मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में विशेष सफाई की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर में विभिन्न प्रकार की दुकानें भी लगाई गई हैं, पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को चाक चौबंद कर दिया है।
बिजनौर से नीरज कुमार की रिपोर्ट।