
अमरोहा में रक्षाबंधन की खरीदारी करके बाइक से लौट रहे परिवार को कार ने सामने से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार माता-पिता और बेटे की मौत हो गई। तीनों टक्कर लगते ही करीब 10 फीट दूर उछलकर सड़क किनारे जा गिरे। बेकाबू कार इसके बाद एक ढाबे में जा घुसी। जहां खाना खा रहे दो युवक भी घायल हो गए। रॉन्ग साइड से आ रहे होंडा सिटी के ड्राइवर को वहां मौजूद लोगों ने पकड़ लिया। उसे पुलिस के हवाले कर दिया। घटना रहरा थाना क्षेत्र के अलीगढ़ लिंक मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास की है। हादसा शुक्रवार शाम चार बजे हुआ था। जिसका सीसीटीवी आज सामने आया है। ढेकला गाँव के निवासी पूरन सिंह उम्र 50, उनकी पत्नी पान कोर उम्र 45 और बेटा रवि उम्र 18 शुक्रवार शाम हसनपुर से खरीदारी करके घर लौट रहे थे। शाम 4 बजे गाँव की ओर से रांग साइड से आ रही होंडा सिटी कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों लोग करीब 10 फीट तक उछलकर सड़क किनारे गिर गए। हादसे के बाद मौके पर धूल का गुबार उठा। बाइक को टक्कर मारने के बाद कार एक ढाबे में जा घुसी। वहां खाना खा रहे चकफेरी गांव के सोनू और ढाबे के कर्मचारी प्रदीप भी टक्कर लगने से घायल हो गए। हादसे के बाद राहगीरों ने शोर मचाया। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। मौके पर मौजूद लोगों ने कार चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सभी घायलों को तुरंत रहरा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर किया। लेकिन रास्ते में ही पूरन सिंह, पान कौर और उनके बेटे रवि ने दम तोड़ दिया। हसनपुर सीओ दीप कुमार पंत ने बताया शवों का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद घर भिजवाया गया है। कार चालक को भीड़ ने पकड़ लिया था, जिसे सूचना पर हिरासत में लिया गया है। उस पर मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
ब्यूरो रिपोर्ट।