
बिजनौर के स्योहारा थाना क्षेत्र में रक्षाबंधन के दिन एक दुखद घटना घटी। गुड़गांव से रक्षाबंधन मनाने आए 35 वर्षीय नितू की पानी में डूबने से मौत हो गई। इस घटना ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। नितू पुत्र बृजनंदन सिंह शुक्रवार सुबह घर से सहसपुर स्थित बैंक से पैसे निकालने गए थे। परिजनों के अनुसार, पैसे निकालकर लौटते समय जयरामपुर और किवाड़ के बीच करूला नदी के पुल पर उनकी स्कूटी फिसल गई। पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण पुल पर पानी भरा हुआ था और तेज बहाव था। स्कूटी फिसलने से नितू पानी में गिर गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की। लेकिन तेज धारा में वह बह गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा। 108 एंबुलेंस की मदद से नितू को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक नितू शुक्रवार सुबह ही गुड़गांव से अपने गांव रक्षाबंधन मनाने आए थे। उन्होंने अपनी बड़ी बहन रेखा और बबली को भी त्योहार पर घर आने का निमंत्रण दिया था। नितू की असमय मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।
बिजनौर से निरज कुमार की रिपोर्ट।