बिजनौर जिले के विदुर कुटी गंगा घाट पर लगने वाले कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले की तैयारियां अंतिम चरण में हैं, इस मेले का उद्घाटन 3 नवंबर को किया जाएगा। जिलाधिकारी जसजीत कौर और पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने अन्य अधिकारियों के साथ तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया, उन्होंने कमियां पाए जाने पर सुधार के निर्देश दिए।
दरअसल दारानगर गंज इलाके में हर साल जिला पंचायत द्वारा आयोजित होने वाले इस मेले में लाखों श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुंचते हैं। मेले की तैयारियां काफी समय से चल रही हैं और अब अंतिम दौर में हैं, श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और साफ सफाई का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। यह मेला 3 नवंबर को शुरू होकर 5 नवंबर को गंगा स्नान के बाद समाप्त होगा, मेले में पॉलिथीन का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा, सभी प्रमुख स्थानों पर सीसी टीवी कैमरे और वॉच टावर लगाए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं, जिलाधिकारी जसजीत कौर ने बताया कि जिला प्रशासन इस आयोजन को बेहतर और सुव्यवस्थित बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है, जिला पंचायत, जिला प्रशासन और अन्य विभाग तैयारियों में जुटे हैं। स्वास्थ्य, वन और पुलिस प्रशासन द्वारा कंट्रोल रूम स्थापित किए जा रहे हैं ताकि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो, पूरे मेला क्षेत्र को 8 सेक्टरों में बांटा गया है, साथ ही टेंट की व्यवस्था भी कराई जा रही है जो लोग यहां पर आएंगे उनके रुकने की पूरी व्यवस्था की जा रही है, उन्हें किसी तरह की कोई दिक्कत ना हो इसका प्रयास किया जा रहे है।
बिजनौर से नीरज कुमार की रिपोर्ट।