बिजनौर। शहर कोतवाली क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक दवा कारोबारी की बाइक से 1 लाख रुपये से भरी थैली कथित तौर पर एक कुतिया लेकर फरार हो गई। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद स्थानीय लोग भी दंग रह गए। जानकारी के अनुसार, नई बस्ती निवासी नवाब अहमद, जो बुखारा रोड पर जानवरों की दवाइयों का मेडिकल स्टोर चलाते हैं, शनिवार दोपहर घर से दो बंडल (500-500 रुपये की गड्डियां) एक काली पन्नी में रखकर किसी परिचित को देने के लिए निकले थे। रास्ते में पुरानी तहसील के पास किले वाली मस्जिद पर जुमे की नमाज का समय होने पर उन्होंने बाइक खड़ी कर दी और जल्दबाजी में पैसों से भरी थैली बाइक पर ही टांगकर अंदर चले गए। करीब 10 मिनट बाद जब वे बाहर लौटे तो थैली गायब थी। पहले उन्होंने आसपास खुद तलाश की और स्थानीय लोगों से पूछताछ की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

बाद में सीसीटीवी फुटेज देखने पर दावा किया गया कि एक काली कुतिया बाइक के पास आई और थैली उठाकर वहां से चली गई। इसके बाद कारोबारी और उनके परिजनों ने करीब चार घंटे तक आसपास के इलाके, झाड़ियों और नालों में भी तलाश की, लेकिन थैली का कोई पता नहीं चल सका। घटना से परेशान नवाब अहमद का कहना है कि मामला किसी इंसान से जुड़ा नहीं है, इसलिए उन्होंने अभी तक पुलिस में शिकायत नहीं की है। उनका कहना है कि “ऊपर वाला चाहेगा तो पैसा वापस मिल जाएगा।” वहीं, पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभी तक इस संबंध में कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर मामले की जांच की जाएगी।
बिजनौर से नीरज कुमार की रिपोर्ट।