मुजफ्फरनगर। खतौली थाना क्षेत्र के दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे-58 पर उस समय हड़कंप मच गया जब एक चलती स्विफ्ट कार में अचानक आग लग गई। यह घटना भैंसी कट फ्लाईओवर के नीचे हुई, जहां चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली। जानकारी के अनुसार, कार मुजफ्फरनगर से खतौली की ओर जा रही थी। जैसे ही वाहन भैंसी कट फ्लाईओवर के पास पहुंचा, उसके बोनट से अचानक धुआं निकलने लगा। कुछ ही पलों में धुआं तेज लपटों में बदल गया और पूरी कार आग की चपेट में आ गई।

घटना से घबराए चालक ने तुरंत कार को सड़क किनारे रोका और वाहन से कूदकर सुरक्षित बाहर निकल गया। देखते ही देखते कार पूरी तरह आग में जलने लगी। आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुट गए हैं।
ब्यूरो रिपोर्ट