बिजनौर के थाना कोतवाली शहर क्षेत्र स्थित सिविल लाइन इलाके में गर्मी के चलते बिजली के तारों पर बढ़े ओवरलोड के कारण बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बताया जा रहा है कि अचानक बिजली के तारों में फाल्ट हुआ, जिसके चलते तार सड़क किनारे खड़ी एक स्विफ्ट कार पर गिर गया। बिजली का तार गिरते ही कार में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि उस समय कार में कोई सवारी मौजूद नहीं थी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना के तुरंत बाद पास स्थित पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग को सूचना देकर इलाके की बिजली सप्लाई बंद करवाई, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक लोगों की भीड़ जमा रही। फिलहाल आग लगने से कार को भारी नुकसान पहुंचा है।
बिजनौर से नीरज कुमार की रिपोर्ट