देहरादून के पैनेसिया सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में उस समय हड़कंप मच गया जब आईसीयू में लगे एसी में अचानक ब्लास्ट हो गया। इस दर्दनाक हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 3 पुलिसकर्मियों समेत कुल 12 लोग घायल हो गए। घायलों में दो मासूम बच्चियां-एक 3 दिन की नवजात और ढाई साल की बच्ची भी शामिल हैं।

सूत्रों के मुताबिक, आईसीयू में लगे एयर कंडीशनर में पहले शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद जोरदार धमाका हुआ और वार्ड में धुआं फैल गया। कुछ ही पलों में पूरे आईसीयू में अफरा-तफरी मच गई और मरीजों को तुरंत बाहर निकालने की कोशिश शुरू कर दी गई। हादसे के बाद अस्पताल परिसर में चीख-पुकार और अफरातफरी का माहौल बन गया। आईसीयू में भर्ती मरीजों को बेडशीट और स्ट्रेचर की मदद से बाहर निकाला गया, जबकि कई को ऑक्सीजन सपोर्ट पर ही अन्य अस्पतालों में शिफ्ट किया गया। कई मरीजों को कैलाश हॉस्पिटल समेत आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अस्पताल प्रशासन का दावा है कि आईसीयू में आग नहीं लगी थी, केवल धुआं फैला था, जबकि मौके से सामने आए वीडियो में कुछ मरीजों के झुलसने के भी संकेत मिल रहे हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए हैं और अस्पताल की इमरजेंसी सेवाएं फिलहाल सीज कर दी गई हैं।
ब्यूरो रिपोर्ट