बिजनौर पुलिस ने पिछले एक साल में गुमशुदा हुए 251 मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को वापस सौंप दिए हैं। इन मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत लगभग 50 लाख रुपए है। शुक्रवार को जिले के एसपी अभिषेक झा ने पुलिस लाइन में आयोजित एक कार्यक्रम में सभी मोबाइल स्वामियों को उनके फोन लौटाए। बिजनौर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से गुमशुदा हुए इन मोबाइल फोनों को सर्विलांस टीम की मदद से बरामद किया गया। इन सभी फोनों की विभिन्न थाना क्षेत्रों में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज थी। एसपी अभिषेक झा ने बताया कि कुछ मोबाइल फोन आंध्र प्रदेश जैसे दूर के राज्यों से भी बरामद किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सर्वेलेंस और पुलिस के माध्यम से इन सभी फोनों को बरामद करके मालिकों को लौटाया गया है। अपने खोए हुए मोबाइल को वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे। मोबाइल फोन वापस पाने वाले लोगों ने बिजनौर पुलिस का आभार व्यक्त किया। इस पहल से पुलिस और आम नागरिकों के बीच विश्वास बढ़ने की उम्मीद है।
बिजनौर से निरज कुमार की रिपोर्ट।