शहीद स्मारक की भूमि से रास्ता निकालने पर हंगामा

0
309

चांदपुर में शहीद भगत सिंह भूमि के निर्माण कार्य को लेकर हंगामा मच गया। चांदपुर की क्षेत्रीय विधायक कमलेश सैनी ने भी मौके पर पहुंचकर  इस मामले में अपना विरोध दर्ज कराया।
दरअसल नगर के बाईपास मार्ग स्थित शहीद भगत सिंह स्मारक के खाली प्लाॅट में रास्ता निकालने को लेकर विवाद चल रहा है। 3 दशक पूर्व शहीद भगत सिंह स्मारक के नाम से खाली प्लाॅट पर सरदार भगत सिंह की प्रतिमा तथा एक मन्दिर का निर्माण कराया गया था। कुछ दिनों बाद इस भूमि पर विवाद हो गया था। तभी से यह भूमि विवादित चली आ रही है। इस प्लाॅट के पीछे खाली पड़ी जमीन को केलनपुर के ग्राम प्रधान राजीव कुमार व अन्य ने मिलकर खरीद लिया है और पिछले दो दिनों से वहां निर्माण कार्य भी चल रहा है। आरोप है कि राजीव कुमार शहीद भगत सिंह स्मारक की भूमि में रास्ता निकाल रहे थे। मामले की जानकारी मिलते ही सैनी समाज के दर्जनों लोग मौके पर पहुंचे और हंगामा कर दिया। हंगामे की सूचना मिलने पर चांदपुर उपजिलाधिकारी हिमांशु वर्मा, कोतवानली प्रभारी मनोज कुमार सिंह भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे  और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं सूचना पाकर भाजपा विधायक कमलेश सैनी भी भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुँच  गई और अवैध रूप से निकाले जा रहे रास्ते पर विरोध जताया। विधायक के विरोध कराने पर उपजिलाधिकारी के आदेश के बाद रास्ते को बंद कराया दिया गया। सूत्रों की मानें तो स्मारक के पीछे की भूमि राजीव कुमार ने जरूर खरीदी है लेकिन उसके पीछे एक कद्दावर भाजपा नेता का हाथ है।
इस मामलेे में उपजिलाधिकारी हिमांशु वर्मा का कहना है कि अवैध रूप से रास्ता निकालने की किसी को छूट नही दी जायेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि जांच के उपरांत इस मामले में आवश्यक कार्यवाही की जायेगी।

Leave a Reply