बिजनौर के नजीबाबाद में 2 वर्षीय मासूम बच्ची के अपहरण और दुष्कर्म के आरोपी संदीप सैनी को पुलिस ने मुठ़भेड के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है, घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नजीबाबाद पुलिस के अनुसार 5 अक्टूबर को नजीबाबाद थाने में एक शिकायत दर्ज कराई गई थी, शिकायतकर्ता ने बताया कि गाजियाबाद निवासी संदीप सैनी पुत्र चंद्रपाल ने घर के बाहर खेल रही उसकी बच्ची का अपहरण कर दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, अपहरण और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी, 6 अक्टूबर को पुलिस ने संदीप को गिरफ्तार कर लिया, पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर घटना से संबंधित कुछ वस्तुएं बरामद करने के लिए उसे देर रात करीब 10ः30 बजे समीपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास एक खंडहरनुमा मकान में ले जाया गया, इसी दौरान संदीप ने पहले से छिपाए 12 बोर के तमंचे से पुलिस टीम पर गोली चला दी, पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए संदीप के पैर में गोली मारी, जिससे वह घायल हो गया, घायल संदीप को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं।
बिजनौर से नीरज कुमार की रिपोर्ट।