नजीबाबाद के मुग़लुशाह क्षेत्र में आवारा कुत्तों के झुंड ने एक मासूम बच्चे पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि बच्चा गली से गुजर रहा था, तभी कई कुत्तों ने उसे घेर लिया और हमला बोल दिया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे कुत्तों के चंगुल से छुड़ाकर उसकी जान बचाई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आवारा कुत्तों के हमलों की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा हो गई है।

क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि आवारा कुत्तों की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों ने मांग की है कि आवारा कुत्तों के खिलाफ तत्काल विशेष अभियान चलाया जाए और क्षेत्र को सुरक्षित बनाया जाए। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर ठोस कार्रवाई की जरूरत है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
बिजनौर से नीरज कुमार की रिपोर्ट।