राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंचीं। जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.), मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से राष्ट्रपति का काफिला कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच राजपुर रोड स्थित राष्ट्रपति निकेतन पहुंचा, जहां उनके रात्रि प्रवास की व्यवस्था की गई है। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर राजधानी देहरादून में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। एयरपोर्ट से राष्ट्रपति निकेतन तक पूरे मार्ग पर विशेष निगरानी रखी गई और छह प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई। काफिले के गुजरने के दौरान करीब आधे घंटे तक मार्ग को जीरो जोन घोषित कर यातायात पूरी तरह रोक दिया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने पहले ही पूरे रूट का सुरक्षा ऑडिट कर लिया था।

राष्ट्रपति शनिवार को भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) की पासिंग आउट परेड (POP) में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। वह परेड की सलामी लेंगी और प्रशिक्षण पूरा कर चुके कैडेट्स के कदमताल की साक्षी बनेंगी। कार्यक्रम के बाद उनके दिल्ली लौटने का प्रस्तावित कार्यक्रम है। राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए देहरादून पुलिस, खुफिया एजेंसियों और अन्य सुरक्षा बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। शहर के प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थलों और वीवीआईपी रूटों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। जिले की सीमाओं पर चेकपोस्टों पर वाहनों की सघन जांच की जा रही है, जबकि होटल, गेस्ट हाउस, धर्मशालाओं और लॉजों में ठहरे लोगों का सत्यापन अभियान भी चलाया जा रहा है। दौरे के मद्देनजर शुक्रवार को विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया। ऋषिकेश, हरिद्वार और मसूरी की ओर से आने-जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया गया। प्रशासन ने भोगपुर तिराहा, कारगी चौक, सहस्रधारा क्रासिंग, भानियावाला फ्लाईओवर, शिमला बाईपास चौक और साईं मंदिर समेत कई स्थानों को प्रमुख डायवर्जन प्वाइंट बनाया। शनिवार को IMA की पासिंग आउट परेड के दौरान सुबह 5 बजे से दोपहर 12 बजे तक अकादमी क्षेत्र के आसपास विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। इस दौरान IMA की ओर जाने वाला मार्ग पूरी तरह जीरो जोन रहेगा और सामान्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। प्रशासन ने प्रेमनगर, बल्लूपुर, सेलाकुई, भाऊवाला और विकासनगर की ओर जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं। सुरक्षा एजेंसियां राष्ट्रपति के पूरे दौरे के दौरान सतर्क निगरानी बनाए रखेंगी।
ब्यूरो रिपोर्ट