बिजनौर कोतवाली शहर क्षेत्र के शास्त्री चौक के पास नजीबाबाद रोड़ पर स्थित एक वर्कशॉप में देर रात भीषण आग लग गई। पटाखे की चिंगारी से लगी आग ने वर्कशॉप को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
दरअसल मोहल्ला जुलाहान निवासी जहीरुद्दीन की कारों और ट्रैक्टरों की डेंटिंग पेंटिंग की वर्कशॉप है, बताया जा रहा है कि दिवाली का एक पटाखा अचानक वर्कशॉप में आ गिरा, जिससे आग लग गई। आग की सूचना पर एसपी सिटी डॉक्टर कृष्ण गोपाल सिंह, सीओ गौतम राय, कोतवाल धर्मेंद्र सोलंकी और दमकल विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची, दमकलकर्मियों ने लगभग 1.5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वर्कशॉप मालिक जहीरुद्दीन बताया कि आग में उनकी एक ऑल्टो कार, एक सेंट्रो कार, एक मैजिक और वर्कशॉप में रखा अन्य कीमती सामान जलकर राख हो गया, उन्होंने बताया कि इस घटना में उन्हें करीब 15 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
बिजनौर से नीरज कुमार की रिपोर्ट।