गाजियाबाद में 11वीं के छात्र सूर्या चौहान की हत्या के मुख्य आरोपी असद को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया। पुलिस के अनुसार, असद शहर छोड़कर भागने की कोशिश कर रहा था। रविवार तड़के करीब 4 बजे वसुंधरा इलाके में पुलिस ने उसे घेर लिया। इस दौरान असद ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने एक दिन पहले ही उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

यह घटना 28 मई, बकरीद के दिन हुई थी। आरोप है कि असद ने फोन कर सूर्या को बुलाया और अपने साथियों के साथ मिलकर उस पर चाकू से कई वार किए। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया था। पुलिस ने मामले में नवाब, फरहान और आतिफ को भी गिरफ्तार किया है। एनकाउंटर की खबर के बाद सूर्या की मां ने कहा कि उन्हें असद की लाश की तस्वीर दिखाई जाए, तभी वह विश्वास करेंगी कि उसका एनकाउंटर हुआ है। उन्होंने अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की मांग की।

मामले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक संगठनों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। प्रदेश सरकार ने पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने और परिवार के एक सदस्य को नगरपालिका में नौकरी देने की घोषणा की है। शनिवार को इस घटना को लेकर करीब 10 घंटे तक हंगामा चला था। परिजनों ने पहले अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया था, लेकिन बाद में प्रशासन के समझाने पर अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
ब्यूरो रिपोर्ट