बिजनौर के किरतपुर थाना क्षेत्र के हुसैनपुर गांव में प्रेम प्रसंग के चलते एक प्रेमी युगल ने जहरीला पदार्थ खा लिया, दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
दरअसल बिजनौर के किरतपुर थाना क्षेत्र के हुसैनपुर गांव में ललित पुत्र जोगराज सिंह और गांव की ही आरती पत्नी जगमोहन ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच एक साल से प्रेम संबंध चल रहा था, महिला के दो बच्चे हैं, इसी वजह से 10 अक्टूबर को दोनों घर से भाग गए थे, उस समय पुलिस ने दोनों को बरामद कर लिया था और उनके बयान दर्ज किए थे। आरती अपने पति के साथ वापस घर लौट आई थी, एक बार फिर दोनों मिले और साथ जीने की उम्मीद टूटने पर उन्होंने साथ मरने का फैसला कर लिया, जंगल में दोनों ने जहरीला पदार्थ खा लिया, वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने उन्हें गंभीर हालत में देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
बिजनौर से नीरज कुमार की रिपोर्ट।