अमरोहा जनपद के मंडी धनौरा थाना क्षेत्र के गांव अहरौला माफी में 23 वर्षीय युवक का शव आम के पेड़ से फंदे पर लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अमरोहा जनपद के मंडी धनौरा थाना क्षेत्र के गांव अहरौला माफी में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब ग्रामीणों ने खेत में आम के पेड़ से एक युवक का शव लटका देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया।

मृतक की पहचान निखिल कुमार पुत्र श्यौराज सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से इसी गांव का रहने वाला था और पंजाब के लुधियाना में एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। परिजनों के अनुसार निखिल हाल ही में पंजाब से घर लौटा था, लेकिन सीधे घर न जाकर वह बछरायूं क्षेत्र स्थित अपनी रिश्तेदारी में ठहरा हुआ था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आशंका जताई जा रही है कि युवक वहां से निकलकर गांव के पास खेत में पहुंचा और फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।
ब्यूरो रिपोर्ट।