बुलंदशहर के नरौरा क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे एक मगरमच्छ दिखाई दिया। मगरमच्छ के आबादी वाले इलाके के पास नजर आने से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में मगरमच्छ रजवाहे की पुलिया के पास सड़क किनारे घूमता हुआ दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि वहां से गुजर रहे एक कार सवार ने मगरमच्छ को देखकर उसका वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर साझा कर दिया।

वीडियो सामने आते ही क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया और लोगों ने तुरंत वन विभाग को इसकी सूचना दी। मामले पर डीएफओ डॉ. हरेंद्र सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मगरमच्छ आबादी वाले क्षेत्र तक कैसे पहुंचा। उन्होंने कहा कि वन विभाग की टीम जल्द ही मौके पर पहुंचकर मगरमच्छ का रेस्क्यू करेगी और उसे सुरक्षित रूप से गंगा नदी में छोड़ दिया जाएगा।
ब्यूरो रिपोर्ट