हर्षोल्लास के साथ मनाया गया रक्षाबंधन का पर्व

0
297

भाई-बहन के प्यार और दुलार का प्रतीक राखी का त्यौहार हर वर्ष श्रावण मास की पूर्णिमा को मनाया जाता है। राखी पर बहनें अपने भाई की कलाई पर प्यार का धागा बांधती हैं जिसे रक्षा बंधन कहा जाता है। राखी के दिन बहनें शुभ मुहूर्त में अपने भाई के माथे पर तिलक लगाकर और आरती कर उनकी कलाई पर राखी बांधती हैं। बहन राखी बांधकर भाई के जीवन में सुख समृद्धि की कामना करती है और भाई से सदैव किसी भी परेशानी में रक्षा करने का वचन लेती है। वहीं भाई भी अपनी बहनों को उनकी रक्षा का वचन एवं उपहार देते हैं।
इसी क्रम में जनपद बिजनौर में भी रक्षा बंधन का त्यौहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
जनपद बिजनौर में रक्षा बंधन के पर्व पर बहनों ने अपने भाईयों की कलाई पर राखी बांधी और उनकी लम्बी आयु की कामना की वहीं भाईयों ने भी सदैव बहनों की रक्षा करने का वचन दिया। रक्षा बंधन के त्यौहार पर बाज़ारों में रौनक दिखाई दी। दुकानों पर तरह-तरह की राखियां सजी दिखाई दी।
भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह के प्रतीक इस पर्व रक्षा बंधन के शुभ अवसर पर बिजनौर की रिजर्व पुलिस लाईन सभागार कक्ष में डाॅ0 धर्मवीर सिंह सहित पुलिस अधिकारियों को पुलिस परिवारजनों की बेटियों और महिला आरक्षियों द्वारा कलाई पर राखी बांधी गई। इस मौके पर अधिकारियों द्वारा उनको शुभकामनाएं देेते हुए नारी सम्मान, नारी सुरक्षा एवं नारी स्वावलंबन के अंतर्गत उ.प्र. सरकार द्वारा चलाये जा रहे मिशन शक्ति फेज-3 के तहत नारी सुरक्षा, नारी सम्मान के प्रति प्रदेश में महिलाओं एवं बालिकाओं के मध्य सशक्तिकरण व विश्वास का वातावरण बनाने का आश्वासन दिया।