चांदपुर में बहन की डोली उठने से पहले उठी भाई की अर्थी

    0
    7

    चचेरी बहन का लग्न रिश्ता करके बाइक से लौट रहे भाई की सडक दुर्घटना में दुखद मौत। बाईक पर सवार चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल। मृतक के परिवार में मचा कोहराम।
    जानकारी के अनुसार बिजनौर जिले की चांदपुर तहसील के ग्राम नवादा निवासी राजा 17 वर्ष पुत्र विजय सिंह अपनी चचेरी बहन का रिश्ता करने अपने घर वालों के साथ ग्राम सिकंदरपुर गया था। रिश्ता चढाने के बाद अपने घर को वापस लौटते समय चांदपुर जलीलपुर मार्ग पर देर शाम ग्राम अकबरपुर में किसी अज्ञात वाहन से राजा की बाइक से जोरदार टक्कर हुई। दोनों वाहनों की टक्कर में राजा और उसका चचेरा भाई ऋतिक गंभीर रूप से घायल होकर दूर जा पडे। ग्रामीण ने दोनों घायलों की मदद करते हुए सरकारी अस्पताल भिजवाया। राजा के शरीर से अत्यधिक रक्त बहने के कारण चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वही अज्ञात वाहन चालक मौका पाकर वाहन सहित फरार हो गया। राजा के चचेरे भाई ऋतिक को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया है। सूचना मिलने पर राजा एवं ऋतिक के परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्याऊ पहुंचे। राजा के शव को देखकर उसके परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। परिजन कह रहे थे कि राजा को बाइक से जाने के लिए मना किया था परंतु वह नहीं माना। राजा के नाबालिग होने एवं घर में चचेरी बहन की शादी होने के कारण परिजनों ने पंचनामा की कार्यवाही करते हुए पोस्टमार्टम नहीं कराया। 3 अप्रैल की शाम की घटना में राजा की मौत के बाद घर से उसकी अर्थी उठी। जिसका रात्रि में अंतिम संस्कार कर दिया गया तथा 4 अप्रैल को उसकी चचेरी बहन की डोली उठेगी। जिसका रिश्ता लेकर राजा बहन की ससुराल गया था। राजा का एक भाई और तीन बहन परिवार में है। सभी का रो-रो कर बुरा हाल है।
    चांदपुर से अजय कुमार कौशिक की रिपोर्ट।