कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान मेले में लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई आस्था की डुबकी

    0
    67

    कार्तिक पूर्णिमा पर जिले भर में लगने वाले गंगा स्नान मेले में लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई। गंगा घाट हर हर गंगे के जयघोष से गूंज उठा। गंगा स्नान में श्रद्धालुओं ने अपने बच्चों का मुंडन संस्कार कराया और घी के साथ खिचड़ी का प्रसाद ग्रहण कर अपने घरों को लौटे। कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले विदुर कुटी में मुख्य घाट पर उमड़े लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई। इसके अलावा बैराज गंगा घाट, नांगल सोती, बालावाली, नारनौर, रामगंगा आदि घाटों पर भी लाखों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर गंगा स्नान किया। सुबह सवेरे से ही श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान करना शुरू कर दिया। श्रद्धालुओं का जनसैलाब गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर अपने-अपने घरों को वापस लौट गया। इस दौरान विदुर कुटी सहित गंज क्षेत्र में घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही। श्रद्धालुओं ने गंगा के पावन जल में डुबकी लगाकर मां गंगा का आशीर्वाद लिया। कार्तिक पूर्णिमा का पर्व शुरू होते ही श्रद्धालु अर्ध रात्रि से ही गंगा में डुबकी लगाने लगे। दिन निकलते निकलते मां भागीरथी का तट शंख तथा मां गंगा के जयकारों के साथ गूंजने लगा। गंगा के जल में लोग अपने परिवार के साथ समूह में स्नान करते हुए नजर आए। तो वहीं दूसरी और अनेक दंपत्ति अपने नवजात शिशु का मुंडन संस्कार करा रहे थे। मुंडन संस्कार के बाद दंपतियों ने अपने अपने बच्चों को मां गंगा में स्नान करा कर गंगा मॉ से उनकी दीर्घायु की कामना की।