संभल में गला घोंटकर महिला की हत्या

    0
    52

    संभल में एक 26 साल की महिला की अर्धनग्न लाश जंगल के बीच बाजरे के खेत में मिली। महिला के दुपट्टे से ही गला घोंटकर उसे मारा गया था। परिजनों ने रेप के बाद हत्या की आशंका जताई है। बताया जा रहा है कि महिला सुबह अचानक गायब हो गई थी। परिवार के लोग उसे खोज रहे थे, तभी शाम को उसकी लाश घर से थोड़ी दूरी पर खेत में पड़ी मिली। भाई रोता हुआ बहन की लाश गोद में उठाकर घर लेकर लाया।
    अर्धनग्न हालत में लाश मिलने की सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। परिजनों से पूछताछ के बाद घटनास्थल को सील कर दिया गया। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। वारदात कोतवाली बहजोई क्षेत्र के एक गांव की है। घटना पर पीड़िता के भाई ने बताया, हम लोग सुबह अपने खेत में धान काटने गए थे। लौटकर आए तो बहन के साथ चाय पी। उसके बाद फिर खेत में धान काटने चले गए। दोपहर को जब हम लोग लौटे तो बहन घर में नहीं थी। उस समय लगा किसी के घर गई होगी। थोड़ी देर में लौट आएगी, लेकिन वो शाम तक नहीं आई तो आसपास के लोगों से पूछा गया। लेकिन पता नहीं चला।
    पीड़िता की मां ने बताया,जब बिटिया का कोई पता नहीं चला तो हम लोग उसे खोजते हुए खेतों की तरफ निकले। तभी पशुओं के लिए चारा लेकर लौट रहे कुछ युवकों ने बेटी की लाश बाजरे के खेत में पड़ी देखी। उसकी कमर के नीचे के कपड़े गायब थे। उसके ही दुपट्टे से उसका गला कसा गया था। ये मंजर देखकर लोगों ने हम लोगों को सूचना दी। पूरा गांव मौके पर इकट्ठा हो गया। बेटे ने अपनी बहन पर कपड़ा डाला और रोते हुए उसकी लाश को गोद में उठाकर घर लाया। उसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पीड़िता की मां ने बताया, बेटी की शादी 5 साल पहले की थी। लेकिन उसका पति उसे मानसिक रूप से कमजोर बताकर छोड़ गया था। जबकि मेरी बेटी ठीक थी। करीब 3 साल से बेटी हम लोगों के साथ ही रह रही थी। बेटी घर के सभी कामों में हाथ बंटाती थी। इसके अलावा खेती के काम में अपने पिता की भी मदद करती थी। मामले में तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।