Abhitak News

मुरादाबादः दलित बस्तियों की समस्याओं को लेकर भावाधस का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन

मुरादाबाद में भारतीय वाल्मीकि धर्म सभा के बैनर तले बड़ी संख्या में लोगों ने जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर दलित बस्तियों की मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। जिला अध्यक्ष राजीव कुमार के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर सड़क, जल निकासी और बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि शाहपुर तिगरी वार्ड-1 स्थित दलित बस्ती में पिछले 15 वर्षों से कई गलियों का निर्माण नहीं हुआ है। कच्ची और जर्जर गलियों के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने से बरसात के दौरान घरों में पानी भर जाता है, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि क्षेत्र की कई गलियां अब तक विकास कार्यों से वंचित हैं और जनप्रतिनिधियों द्वारा उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा।

भावाधस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रोहित चंदेल ने आरोप लगाया कि शाहपुर तिगरी की दलित बस्ती में बिजली व्यवस्था भी बदहाल है। एक ही बिजली खंभे से करीब 30 कनेक्शन दिए गए हैं, जिसके चलते बांस के सहारे दूर-दूर तक तार खींचे गए हैं। बरसात के मौसम में यह व्यवस्था हादसों को न्योता दे रही है। उन्होंने बताया कि कई बार बच्चों और पशुओं को करंट लगने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं, लेकिन शिकायतों के बावजूद अतिरिक्त खंभे नहीं लगाए गए। प्रदर्शनकारियों ने दौलत बाग वाल्मीकि बस्ती की जर्जर सड़कों का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि सड़कों में गहरे गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और लोग घायल हो रहे हैं।

ज्ञापन में वाल्मीकि समाज के उन लोगों की जांच कराने की भी मांग की गई, जिन्होंने कथित रूप से धर्म परिवर्तन कर लिया है। संगठन ने ऐसे मामलों में जाति प्रमाण पत्रों की समीक्षा और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष एफ.सी. नागवंशी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रोहित चंदेल, मंडल अध्यक्ष मणी चौहान, जिला अध्यक्ष राजीव कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

मुरादाबाद से आलम वारसी की रिपोर्ट।

Exit mobile version