बिजनौर में मंगलवार सुबह अचानक मौसम ने करवट ली। आसमान में घने काले बादल छा गए और तेज हवाएं चलने लगीं। करीब 11ः30 बजे के बाद मूसलाधार बारिश शुरू हो गई, जिससे लोगों को पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली। पिछले कुछ दिनों से जिले में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया था। तेज गर्मी के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया था। दोपहर के समय बाजार और सड़कें सूनी नजर आ रही थीं, वहीं लोग घरों में रहने को मजबूर थे। गर्मी का असर पशु-पक्षियों और फसलों पर भी पड़ रहा था।

मंगलवार सुबह भी गर्मी का असर जारी था, लेकिन अचानक मौसम बदला और ठंडी हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को राहत मिली। किसानों को भी इस बारिश से फसलों के लिए लाभ मिलने की उम्मीद है। हालांकि, तेज बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
बिजनौर से नरज कुमार की रिपोर्ट।