Abhitak News

नजीबाबाद के जलालाबाद फ्लाईओवर पर बड़ा हादसा, दो कारों की भिड़ंत में एक पलटी

नजीबाबाद के नगर पंचायत जलालाबाद फ्लाईओवर पर बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब दो कारों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई और एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। यह हादसा रात करीब 10ः30 बजे का बताया जा रहा है, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राहगीरों की भीड़ एकत्र हो गई। जानकारी के अनुसार, बिजनौर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार जैसे ही फ्लाईओवर पर पहुंची, तभी वह अचानक नियंत्रण खो बैठी और सामने चल रही दूसरी कार से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक वाहन सड़क पर पलट गया, जबकि दोनों कारों को काफी नुकसान पहुंचा। हादसे की आवाज दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के लोग तुरंत मौके की ओर दौड़ पड़े। हादसे में एक युवक को मामूली चोटें आईं, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत सामान्य बताई है और उसे खतरे से बाहर बताया गया है।

गनीमत यह रही कि हादसा ज्यादा गंभीर नहीं हुआ, वरना बड़ी जनहानि हो सकती थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना का मुख्य कारण तेज रफ्तार और लापरवाही माना जा रहा है। कुछ स्थानीय लोगों ने यह भी दावा किया कि कार चालक संभवतः नशे की हालत में था, हालांकि इस संबंध में अभी पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस ने सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है। सूचना मिलते ही नजीबाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में लेकर सड़क से हटवाया, जिससे यातायात फिर से सुचारू किया जा सका। साथ ही, हादसे के कारणों की गहन जांच भी शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों वाहनों के पंजीकरण नंबरों के आधार पर मालिकों और चालकों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

ब्यूरो रिपोर्ट।

Exit mobile version