धामपुर थाना क्षेत्र के आमखेड़ा गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 40 वर्षीय व्यक्ति का शव गन्ने के खेत में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मृतक की पहचान जयप्रकाश उर्फ मोनू उम्र 40 वर्ष निवासी परमावाला के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलने पर धामपुर सीओ अभय पांडे और धामपुर कोतवाल मृदुल कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
मृतक के भाई अशोक ने जयप्रकाश की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। अशोक के अनुसार, जयप्रकाश करीब दो साल पहले अपने पैतृक गांव परमावाला से 5 बीघा जमीन बेचकर छोटे भाई के साढू के पास आमखेड़ा गांव में रहने आया था।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
धामपुर से शरद राजवंशी की रिपोर्ट।
