लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में हुए भीषण अग्निकांड के बाद पूरे प्रदेश में सुरक्षा मानकों की समीक्षा तेज कर दी गई है। शासन के निर्देश पर बिजनौर में प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए कोचिंग सेंटरों, लाइब्रेरी और मॉल्स में व्यापक जांच अभियान चलाया। सदर एसडीएम, सीओ सिटी और फायर विभाग की संयुक्त टीम ने विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने फायर सेफ्टी उपकरणों, आपातकालीन निकास मार्गों और वेंटिलेशन व्यवस्था की जांच की।

इस दौरान संचालकों को फायर एनओसी समेत सभी सुरक्षा दस्तावेज एक सप्ताह के भीतर दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित संस्थानों को सील करने सहित सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
बिजनौर से नीरज कुमार की रिपोर्ट।