बढ़ापुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुराली के पास उस समय हड़कंप मच गया जब रामगंगा नदी में नहाने गया एक युवक डूब गया। जानकारी के अनुसार, युवक अदनान नदी में नहाने के लिए गया था, लेकिन नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक वह पानी में लापता हो चुका था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

काफी मशक्कत के बाद टीम ने युवक का शव नदी से बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि नदी में पानी का बहाव तेज होने और गहराई का अंदाजा न होने के कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और घर में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
ब्यूरो रिपोर्ट