बिजनौर में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद मुख्यालय स्थित नेहरू स्टेडियम में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस वर्ष योग दिवस की थीम ’’योगा फॉर हेल्दी एजिंग’’ रही। कार्यक्रम में सैकड़ों योग साधकों ने योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में ताड़ासन, भुजंगासन, प्राणायाम सहित विभिन्न योगासन और योग क्रियाओं का अभ्यास किया तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सजीव प्रसारण भी देखा।

इस अवसर पर जिलाधिकारी जसजीत कौर ने प्रभारी मंत्री का औषधीय पौधा भेंट कर स्वागत किया। प्रभारी मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि योग को जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए, क्योंकि नियमित योग से व्यक्ति स्वस्थ और निरोगी रहता है। उन्होंने कहा कि बढ़ती उम्र में स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए योग बेहद आवश्यक है। जिलाधिकारी जसजीत कौर ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पूरे जनपद में व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।

कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट योग संस्थाओं एवं प्रतिभागियों को सम्मानित करते हुए प्रमाण पत्र वितरित किए गए। समापन पर प्रभारी मंत्री, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं अन्य अधिकारियों ने स्टेडियम परिसर में पौधारोपण भी किया। कार्यक्रम में सदर विधायक सुची चौधरी, नगर पालिका अध्यक्ष इंदिरा सिंह, पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, पूर्व सांसद भारतेंद्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बिजनौर से नीरज कुमार की रिपोर्ट।